
प्रयागराज नगर निगम में नई कार्यकारिणी के गठन के लिए दो जून को चुनाव होने हैं। ऐसे में नगर निगम परिसर में इन दिनों पूरे समय पार्षदों का जमावड़ा लगा रहता है।
भाजपा के कई वरिष्ठ पार्षद अपनी दावेदारी साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इतना ही नहीं वोटिंग के दौरान अपने पक्ष में पर्याप्त वोट मिलने का भी वह दावा रहे हैं। जिससे उनको कार्यकारिणी के सदस्य पद का टिकट उनको मिल सके।
नगर निगम में भाजपा के सबसे अधिक 67 पार्षद
प्रयागराज नगर निगम में कुल 100 पार्षद हैं। इनमें सबसे बड़ी संख्या भाजपा के पार्षदों की है। सदन में इनकी संख्या 67 है। जहां पुराने के साथ ही बड़ी संख्या में नए पार्षद भी हैं। ऐसे में पुराने पार्षदों के साथ ही नए पार्षद भी अपनी किस्मत आजमाने में जुटे हुए हैं। 20 से अधिक पार्षद अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं।
पिछले दो दिन पहले भाजपा की बैठक जिला कार्यालय पर हुई। जहां मेयर गणेश केसरवानी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और पार्षदों को हिदायत दी कि वह किसी भी प्रकार के ऐसे कार्य न करें। जिससे पार्टी की मर्यादा खत्म हो। उसके बाद भी पार्षदों के बीच खींचतान जारी है।
अगर सपा की बात करें तो उनकी तरफ से दो पार्षद नेम यादव व रमीज हसन का नाम सबसे अधिक चर्चा में है। वहीं निर्दलीय पार्षदों की बात करें तो इसमें सबसे अधिक नाम आनंद घिल्डियाल का चर्चा में है।
112 वोटर करेंगे मताधिकार का प्रयोग
नगर निगम कार्यकारिणी समीति के लिए 12 में से छह सदस्यों का चुनाव होना है। इसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव किया जाना है। यह छह पद वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल खत्म होने के बाद खाली हुआ है। चुनाव के दौरान 112 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें पार्षदों के साथ ही विधायक और सांसद भी शामिल है। वर्तमान में कार्यकारिणी के अंदर भाजपा के चार और सपा के दो कार्यकारिणी सदस्य मौजूद हैं।